प्रधानमंत्री के 12 साल में लिए गए फैसले स्वर्णिम अक्षरों से इतिहास में हुए हैं अंकित- धर्मेंद्र तंवर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:51 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने अपनी जन कल्याणकारी नीतियों को लेकर जनता के बीच शंखनाद कर दिया है। भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने पर किसान मोर्चा गुड़गांव ने भोंडसी के शिव मंदिर में रूद्राभिषेक एवं पूजा अर्चना कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, महामंत्री गुरुग्राम महानगर धर्मेंद्र तंवर सहित भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रधानमंत्री के सेवा,सुशासन और संकल्प के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके उत्तम स्वास्थ्य ,दीर्घायु एवं निरंतर ऊर्जावान रहने की मंगलकामना हेतु विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजा अर्चना का कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा गुड़गांव महानगर के महामंत्री धर्मेंद्र तंवर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की नीतियों, एतिहासिक फैसलों और गरीब कल्याण की योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लिए गए फैसले और योजनाएं भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो चुके हैं जिससे आज हर भाजपा कार्यकर्ता और देशवासी गर्व की अनुभूति कर रहा है। अनुच्छेद 370 को हटाना कश्मीर के विकास और शांति का नया युग प्रारंभ करने वाला मील का पत्थर साबित हुआ है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का भव्य राम मंदिर का निर्माण भारतीयों की आस्था और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बना है। तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को समाज में कानूनी सुरक्षा, न्याय और सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिया है।

धर्मेंद्र तंवर ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता और वैश्विक संकटों में भारत की अग्रणी भूमिका ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को नई उंचाईयों पर पहुंचाया। आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो चुका है। देश में रिकॉर्ड गति से बन रहे एक्सप्रेसवे, आधुनिक रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट सहित वंदे भारत ट्रेनों का जाल पूरे विश्व के लिए एक मिसाल बन गया है। धर्मेंद्र तंवर ने कहा कि अब समय आ चुका है कि कार्यकर्ता दूत बनकर जनता के बीच जाएं और 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं जन कल्याणकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं।