शादी का वादा कर युवती से एक साल तक रेप, केस दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 08:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने का वादा किया और करीब एक साल तक उसका यौन उत्पीड़न करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने आईपीसी 376(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक,पीड़ित युवती गुरुग्राम की ही रहने वाली है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात पानीपत के रहने वाले आकाश कौशिक से हुई थी। युवक ने युवती से दोस्ती की, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और उसे अपने झांसे में ले लिया। आरोप है कि एक अगस्त 2023 से लेकर 30 जून 2024 तक आरोपी युवक ने गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित एक मकान में युवती को शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता जब भी शादी की बात करती, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता था।
जब आरोपी युवक ने लंबे समय बाद भी शादी करने से साफ मना कर दिया और पीड़िता को धोखा देकर भागने का प्रयास किया।इसके बाद पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पानीपत निवासी आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।