सिंगर मासूम शर्मा के पक्ष में उतरे दिग्विजय चौटाला, बोले- कुछ लोग जानबूझकर कलाकारों के साथ गलत व्यवहार कर रहे

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 05:20 PM (IST)

चरखी दादरी : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के पक्ष में उतरे जजपा युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कई बार कलाकारों से अनजाने में कुछ शब्द निकल जाते हैं, सरपंचों को बेवजह बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणवी कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने में कलाकारों का अहम योगदान है और कुछ लोग जानबूझकर कलाकारों के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं। 

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जिस तरह पंजाब में म्यूजिक इंडस्ट्री ने पहचान बनाई है, उसी तरह हरियाणवी सॉन्ग इंडस्ट्री को भी बेहतर बनाने के लिए आमजन को सहयोग करना चाहिए। राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि जजपा भले ही 2024 का चुनाव हार गई हो, लेकिन पार्टी पार्ट-टाइम राजनीति नहीं करती, बल्कि सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि जजपा स्वर्गीय देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी है और 2029 में सरकार बनाना उसका लक्ष्य है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। वहीं, अजय सिंह चौटाला के लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे, लेकिन कहां से लड़ेंगे इसका फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को भरपूर समर्थन दिया, लेकिन टिकट वितरण में गड़बड़ी के कारण कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा। 

उन्होंने दावा किया कि भविष्य में भाजपा के विकल्प के रूप में जजपा उभरेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चौटाला परिवार तक राजनीति सीमित नहीं है, बल्कि देवीलाल के सपनों को साकार कर जनसेवा करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static