Sirsa: स्ट्रॉंग रूम में बनी विवाद की स्थिति, CCTV की हार्ड डिस्क राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को बिना बताए बदली

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 07:33 PM (IST)

सिरसा(सतनाम): सीडीएलयू स्थित स्ट्रॉंग रूम में सीसीटीवी की हार्ड डिस्क बदलने को लेकर आज विवाद की स्थिति बन गई। कांग्रेस पार्टी के नेता स्टॉंग रूम में पहुंचे और बिना बताए हार्ड डिस्क बदलने के आरोप लगाने लगे। सूचना मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आरके सिंह व पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

 जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में सीसीटीवी से डीवीआर से निकाली गई हार्ड डिस्क को सील किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता वापिस लौट गए। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह ने स्टॉंग रूम में निरीक्षण किया। राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भी सारी कार्रवाई दिखाई गई और रिकॉर्ड रजिस्ट्रर में आमद भी दर्ज की गई। 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आरके सिंह ने बताया कि भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी। सीसीटीवी की हार्डडिस्क फुल होने पर बदली गई है। समय-समय पर यह प्रक्रिया की जाती है। उन्होंने कहा कि ईवीएम थ्री लेयर सुरक्षा में रखी गई हैं। स्ट्रांग रूम सील किए गए हैं। बाकायदा सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में स्ट्रॉंग रूम में आने वाले लोगों की कैमरे में रिकॉर्डिंग की जा रही हैं। आमद रजिस्ट्रर में भी नोट किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि जो हार्डडिस्क बदली गई है उसे सील कर दिया गया है। समय-समय पर होने वाली यह प्रक्रिया है। भ्रम के चलते कांग्रेस नेता यहां एकत्रित हुए थे उन्हें समझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और प्रत्याशी किसी भी समय स्ट्रांग रूम की जांच कर सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static