सनसनीखेज मामला: दम तोड़ने से ठीक पहले मृतक ने पुलिस को दी सूचना, महिलाओं की धमकी से परेशान होकर लांड्री संचालक ने खाया जहर

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 09:10 PM (IST)

गन्नौर(कपिल): हरियाणा के गन्नौर शहर की रेहडा बस्ती से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 48 वर्षीय लांड्री संचालक ने कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। हैरानी की बात यह है कि दम तोड़ने से ठीक पहले मृतक ने खुद थाना गन्नौर पुलिस को फोन कर अपनी आपबीती बताई थी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 मृतक के बेटे साहिल ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता प्रकाश पिछले करीब पांच वर्षों से इलाके में ही लांड्री (धोबी का काम) की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, घर में माहौल ठीक था और करीब दो महीने बाद मृतक की बेटी की शादी भी तय थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से प्रकाश काफी गुमसुम रहने लगे थे।

साहिल का आरोप है कि दुकान के पास ही रहने वाली दो महिलाएं उसके पिता को लगातार फोन कॉल और मैसेज के जरिए परेशान कर रही थीं। महिलाओं पर आरोप है कि वे प्रकाश को झूठे दुष्कर्म (रेप) के मामले में फंसाने की धमकी दे रही थीं, जिससे वे भयंकर मानसिक तनाव में आ गए थे।


परिजनों का कहना है कि अत्यधिक तनाव और धमकियों से परेशान होकर प्रकाश ने यह खौफनाक कदम उठाया। मरने से पहले उन्होंने खुद गन्नौर थाना पुलिस को फोन करके इस पूरी साजिश और उत्पीड़न की सूचना दी थी। पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन दुर्भाग्यवश पुलिस के पहुंचने से पहले ही प्रकाश की मौत हो चुकी थी।

पुलस जांच और मोबाइल रिकॉर्ड
घटना की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है। मृतक के बेटे साहिल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता के मोबाइल फोन में उन दोनों महिलाओं के तमाम धमकी भरे ऑडियो, मैसेज और कॉल रिकॉर्ड सुरक्षित मौजूद हैं। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मृतक के मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए ताकि सच सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके। फिलहाल, पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static