दिन में सन्नाटा, रात में छप रहे थे 20 के नकली सिक्के! सोनीपत पुलिस की पूछताछ में फैक्ट्री मालिक और मिस्त्री के बड़े खुलासे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 08:34 PM (IST)

 गन्नौर (कपिल): बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री नंबर 136 में नकली 20 रुपये के सिक्के बनाने के मामले में बड़ी थाना पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस ने फैक्ट्री में चल रही गतिविधियों और उसे किराये पर लेने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई।

पूछताछ में फैक्ट्री मालिक ने बताया कि उसने उत्तर प्रदेश निवासी अनुराग नाम के व्यक्ति को फैक्ट्री किराये पर दी थी। अनुराग ने यहां पेचकस बनाने का काम करने की बात कही थी। इसके लिए उसके नाम से रेंट एग्रीमेंट भी किया गया था। फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को बताया कि किराये पर देने के बाद फैक्ट्री में मरम्मत का काम कराया जा रहा था।

करीब तीन महीने तक वहां काम चलता रहा और इस दौरान उनका फैक्ट्री में आना-जाना भी था। इसके बावजूद उन्हें वहां नकली सिक्के बनाए जाने की जानकारी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने तक फैक्ट्री में काम बंद भी रहा था। पुलिस अब अनुराग की तलाश में जुटी है। वहीं, फैक्ट्री में काम करने वाले एक मिस्त्री से भी पूछताछ की गई। मिस्त्री के अनुसार उसने दिन के समय फैक्ट्री में मशीन चलते हुए कभी नहीं देखा। इससे पुलिस को आशंका है कि मशीनों का इस्तेमाल चोरी-छिपे किया जा रहा था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static