बुजुर्ग महिला की मौत के बाद भी नहीं जागा जिला प्रशासन, पर लापरवाही का सिलसिला जारी

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 07:31 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती ): शहर में बेसहारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले ही पशुओं के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है, जिसका दर्द आज भी लोग नहीं भूले हैं। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है।

ताजा मामला रेवाड़ी-बावल रोड का है, जहां दो सांड आपस में लड़ते हुए सड़क पर आ गए। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक कार बाल-बाल हादसे से बची, वहीं एक एंबुलेंस चालक को समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर अपनी और मरीज की जान बचानी पड़ी। शहर में ऐसे मामले कोई नए नहीं हैं। आए दिन सड़कों पर सांडों और अन्य पशुओं की वजह से यातायात बाधित होता है और लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है। रविवार को बावल रोड पर गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और जान-माल का नुकसान टल गया। लेकिन हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।

तस्वीरें साफ बयां कर रही हैं कि शहर की सड़कों पर चलना अब खतरे से खाली नहीं है। दुख की बात यह है कि जिम्मेदार विभाग और अधिकारी इस गंभीर समस्या पर अब तक गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, तब तक कार्रवाई नहीं होती, जबकि असली दर्द वही समझ सकता है जिसने अपने किसी प्रिय को खोया हो। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए और लोग सुरक्षित रूप से सड़कों पर चल सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static