खून के रिश्तों का कत्ल- पैसों की हवस ने भांजे को बनाया कातिल, सगे मामा को उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 12:39 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती)- रिश्तों की मर्यादा जब लालच और गुस्से की भेंट चढ़ जाए, तो अंजाम कितना खौफनाक होता है, ऐसा ही कुछ रेवाड़ी के गांव बव्वा में देखने को मिला है। जहां एक भांजे ने अपने ही सगे मामा के खून से हाथ रंग लिए। बताया जा रहा है कि मामा और भांजे के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रात करीब 9 बजे बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। रोहित और उसके साथियों ने परशुराम पर बेरहमी से हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लात-घूंसों की उस मार ने परशुराम को अधमरा कर दिया। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
वारदात की सूचना मिलते ही कोसली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाल ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। लेकिन इस हत्या ने स्थानीय लोगों के जेहन में डर पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर हत्या जैसी वारदातें होना यह बताता है कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है।
प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने अब प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की मांग की है, जो नजीर बन सके। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा तो दिया है, लेकिन सवाल वही है कि आखिर समाज में बढ़ती इस हिंसक सोच और अपराध पर लगाम कब लगेगी?
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)