एलएलबी की पढ़ाई कर रही बीवी को ही तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाला, किताबें भी जला दी

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2020 - 02:42 PM (IST)

यमुनानगर (सुरेन्द्र): थाना सदर यमुनानगर के एक गांव की महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। वहीं आरोप है कि देवर ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। ननद, सास और ससुर ने भी उससे मारपीट की। इस शिकायत पर सदर यमुनानगर पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर, ननद और देवर पर केस दर्ज कर लिया है। महिला के ससुराल वाले हिमाचल के रहने वाले हैं।

महिला व उसके पिता ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी फरवरी में हुई थी। परिवार वालों ने 30 लाख रुपये शादी पर खर्च किए थे। शादी में उसके पिता ने कार दी थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसके ससुराल वाले उसे परेशान करने लग गए थे। वे कहते थे कि शादी में आल्टो कार देकर उनकी नाक कटवा दी। उन्हें स्विफ्ट डिजाइर कार चाहिए थी। उसने यह बात अपने पिता को बताई तो उसके पिता ने उसके ससुराल वालों को दो लाख रुपये नगद दे दिए थे।



इसके बाद कुछ दिन तक तो ससुराल वाले ठीक रहे, लेकिन बाद में फिर से ताने मारने लग गए। महिला का आरोप है कि वह एलएलबी कर रही है। उसकी सभी किताबों में ससुराल वालों ने आग लगा दी। उसे पढऩे भी नहीं देते। एक दिन वह घर में अकेली थी। उसका देवर आया और उसे पकड़ लिया। उसके साथ अश्लील हरकतें की। उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसे ही गलत कहने लगे और तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहकर घर से निकाल दिया।



उसने अपने परिजनों को इस बारे में बताया और वे उसे घर ले गए। पुलिस ने इस शिकायत पर केस दर्ज किया है। युवती का कहना है कि वह अपनी पढ़ाई पूरी करेगी और ऐसी युवतियों को इंसाफ की लाएगी जो समाज से पीड़ित हैं। वहीं युवती के पिता का कहना है कि वह अपनी लड़की को पूरी पढ़ाई करवा कर अपने पैरों पर खड़ा करेगा।

यमुनानगर सदर थाना के अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि इस संबंध में महिला के पति, देवर, सास, ससुर और ननद के खिलाफ धारा 498 ए, 354 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



एक तरफ जहां तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वहीं एक ऐसी महिला जो वकालत करके ऐसी पीड़ित लड़कियों को इंसाफ दिलाना चाहती थी उसी को ही उत्पीड़ित किया गया, मारा पीटा गया और तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया गया। अब देखना है पुलिस इस मामले में कब और क्या कार्रवाई करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static