अब मिलेनियम सिटी सेंटर के नाम से जाना जाएगा हुडा सिटी मेट्रो स्टेशन
punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2023 - 09:21 PM (IST)

गुडग़ांव, (पवन कुमार सेठी): डीएमआरसी ने गुरुग्राम में येलो लाइन के अंतिम स्टेशन हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मिलेनियम सिटी सेंटर करने का फैसला लिया गया है। सभी आधिकारिक दस्तावेजों, साइनेज, घोषणाओं आदि में नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और धीरे-धीरे इसे बदला जाएगा। यह स्टेशन गुडग़ांव का सबसे बड़ा व व्यस्तम मेट्रो स्टेशन है, यहां से रोजाना 60 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं।
गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) से पूर्व हरियाणा सरकार ने ही हुडा का नाम बदलकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) कर दिया था। वहीं दूसरी ओर डीएमआरसी की ओर से स्टेशन के नए नाम को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही मेट्रो में होने वाली घोषणाओं में भी इसे अपडेट कर दिया जाएगा। प्रवक्ता हिमांशु ने बताया कि नाम बदलने का फैसले की घोषणा सोमवार को ही की गई।
कुछ ही घंटों मेंं दो बार बदला गया हुडा सिटी सेंटर का नाम:
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को हुडा सिटी सेंटर का नाम बदलकर पहले गुरुग्राम सिटी सेंटर रखा गया था। इसका टवीट् भी कर दिया गया था। लेकिन इसके बाद कुछ ही घंटे में येलो लाइन पर हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने के संबंध में पहले की घोषणा में आंशिक संशोधन करते हुए अधिकारियों द्वारा स्टेशन का नाम बदलकर मिलेनियम सिटी सेंटर करने का निर्णय लिया गया। डीएमआरी के अनुसार, सभी आधिकारिक दस्तावेजों, साइनेज, घोषणाओं आदि में नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और धीरे-धीरे इसे बदला जाएगा।