दहेज लोभियों ने विवाहिता को उतारा मौत के घाट, ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Mar 01, 2023 - 03:35 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : समाज में इससे शर्मनाक घटना क्या होगी कि दहेज के लिए लोग एक लड़की को मौत के घाट उतार देते हैं। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कोई नई बात नहीं है। आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। दहेज लोभी अपनी ख्वाहिशें अपने ससुराल वालों से पूरी करने के लिए किसी की बेटी, किसी की बहन की जान ले लेते हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में देखने को मिला। दरअसल मोहम्मदपुर गुड़गांव के रहने वाली विवाहिता शीतल की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी है।

मृतका के परिजनों की मानें तो तीन साल पहले उन्होंने भाखरी गांव के रहने वाले सोनू के साथ अपनी बहन शीतल की शादी बहुत धूमधाम से की थी। सगाई के बाद से ही वह लोग अपना रंग दिखाने लगे थे और कहने लगे थे कि सगाई में बहुत कम पैसा खर्च किया है। इससे उनकी बेइज्जती हो गई, जिसके बाद उन्होंने शादी में जमकर पैसा लगाया। आरोप है इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोगों का दिल नहीं भरा और वह लड़की से आए दिन मारपीट करने लगे और पैसे की डिमांड करने लगे। इसके चलते उन्होंने 40 लाख की रकम एक बार अकाउंट में भेजी और इसके अलावा कई बार उन्हें नगद रुपए भी दिए। आरोप है कि जब उनकी बहन को लड़की पैदा हुई तो ससुराल पक्ष के लोग और नाराज हो गए। इसके बाद वो मारपीट कर उनकी बहन को गुरुग्राम छोड़ गए। काफी समय विवाहिता अपने मायके रही और वह उसे लेने तब आए जब दूल्हे की बहन की शादी थी। परिजनों के मुताबिक कल उन्हें पुलिस का फोन आया कि उनकी बहन की मौत हो गई है और वह फरीदाबाद के एशियन अस्पताल में है। जिसके बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली।

पुलिस ने इस मामले में शिकायत मिलने के बाद ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।  पुलिस का दावा है कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static