हरियाणा IAS कैडर में डॉ. बलप्रीत सिंह होंगे शामिल ,IPS उपासना से विवाह कारण केरल से हुआ ट्रांसफर

punjabkesari.in Sunday, Feb 06, 2022 - 09:16 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा )  कैडर में जल्द ही एक और अधिकारी शामिल हो रहा है। हालांकि इस अधिकारी का न तो हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस ) से और न ही  गैर राज्य सिविल सेवा (नॉन-एससीएस)  कोटे से आईएएस में प्रमोशन या चयन हुआ है बल्कि 2019 बैच  का यह  आईएएस अधिकारी जिसका नाम डॉ. बलप्रीत सिंह का हरियाणा कैडर की 2017 बैच की महिला आईपीएस उपासना से विवाह कारण केरल कैडर से हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर (एक प्रदेश कैडर से दूसरे प्रदेश कैडर में) ट्रांसफर किया गया है।

इस सम्बन्ध में आधिकारिक जानकारी एकत्रित कर साँझा करते हुए पंजाब एवं हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि इसी सप्ताह 2 फरवरी को ही  केंद्र सरकार के  कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा इस सम्बन्ध में आदेश जारी किया गया है जिसमें उल्लेख है कि आईएएस कैडर नियमों, 1954 के नियम 5 (2) के अंतर्गत डॉ. बलप्रीत सिंह, आईएएस को  हरियाणा कैडर की आईपीएस उपासना से विवाह कारण केरल कैडर से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया जा रहा  है एवं इस विषय पर केरल सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा सहमति प्रदान की जा चुकी है. बलप्रीत  मूल रूप से पंजाब  के निवासी है  जबकि उपासना का गृह राज्य हरियाणा ही हैं एवं वह  वर्तमान में सोनीपत  में एएसपी  के तौर पर तैनात है।

इससे पूर्व अक्टूबर, 2021 में इसी प्रकार 2015 बैच के असम-मेघालय कैडर के आईएएस  शांतनु शर्मा का हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला आईएएस सी.जयशरधा से विवाह कारण असम-मेघालय कैडर से हरियाणा कैडर में  ट्रांसफर किया गया था. शांतनु मूल रूप से झारखण्ड के निवासी है जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं जो वर्तमान में कुरुक्षेत्र में असिस्टेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) के तौर पर तैनात है। गत माह ही हरियाणा सरकार द्वारा शांतनु को सोनीपत ज़िले का एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) तैनात किया गया। उससे पहले वर्ष 2021 में ही 2015 बैच की एक महिला आईएएस अधिकारी नेहा सिंह भी हरियाणा आईएएस कैडर में सम्मिलित हुई थी क्योंकि उनका हरियाणा कैडर के 2015 बैच के आईएएस राहुल हुड्डा से विवाह कारण गुजरात से हरियाणा में  ट्रांसफर किया गया था। 

नेहा मूल रूप से बिहार की निवासी हैं। कुछ सप्ताह  पूर्व ही नेहा को सिरसा ज़िले में डिस्ट्रिक्ट म्युनिसिपल  कमिश्नर तैनात किया गया। राहुल गत वर्ष  नवंबर से   सिरसा में एडीसी के पद पर तैनात हैं। गत वर्ष ही मार्च 2021 में सिक्किम कैडर के 2019 बैच के आईएएस आनंद कुमार शर्मा द्वारा हरियाणा कैडर की  2018 बैच की आईपीएस  पूजा वशिष्ठ से विवाह के फलस्वरूप  आनंद का  कैडर सिक्किम से बदलकर उनकी पत्नी का अर्थात हरियाणा कैडर कर दिया गया. आनंद का गृह राज्य  दिल्ली  है। वर्तमानं में आनंद  सफीदों (जींद ) में बतौर एसडीएम तैनात हैं।

बहरहाल, हेमंत ने राहुल हुड्डा, आईएएस के कैडर ट्रांसफर  मामले में एक  रोचक जानकारी देते हुए बताया कि राहुल हुड्डा, जिनका आधिकारिक रिकॉर्ड अनुसार गृह-राज्य दिल्ली है एवं जिन्हें  प्रारम्भ में आईएएस का हिमाचल प्रदेश कैडर अलॉट किया गया था, उनका  दिसंबर, 2015 में हरियाणा कैडर में ट्रांसफर हो  गया था  क्योंकि उन्होंने तब हरियाणा कैडर की 2011 बैच की एक महिला आईपीएस अधिकारी मनीषा चौधरी  से विवाह किया था। कुछ वर्षो बाद राहुल और मनीषा का तलाक़ हो गया था जिसके बाद राहुल ने  2015 बैच की गुजरात कैडर की नेहा से विवाह कर लिया जिसके फलस्वरूप  नेहा का  हरियाणा कैडर में ट्रांसफर हो गया। वहीं मनीषा वर्तमान में  यू.टी. चंडीगढ़ में तीन वर्षों  के लिए बतौर डेपुटेशन पर एसएसपी पद पर तैनात हैं। 

इसी प्रकार मार्च, 2015 में असम-मेघालय कैडर  के 2012 बैच के आईएएस अजय सिंह तोमर को हरियाणा में ट्रांसफर किया गया चूँकि उन्होंने 2013 बैच की हरियाणा कैडर की आईएएस संगीता तेतरवाल से विवाह किया था। अजय का गृह राज्य दिल्ली जबकि संगीता का राजस्थान है। हरियाणा में ऐसे कई आईएएस और आईपीएस अधिकारी है जिन्हें उनके  विवाह के फलस्वरूप हरियाणा कैडर अलॉट किया गया।

हेमंत ने बताया कि अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को आबंटित प्रदेश कैडर में परिवर्तन सम्बन्धी केंद्र सरकार द्वारा बनाये गए एवं मौजूदा  लागू दिशा-निर्देशों  के अनुसार आईएएस, आईपीएस और आईएफएस (भारतीय वन सेवा ) अधिकारियों द्वारा आपस में  (उक्त  तीनो सेवाओं के अधिकारियों के मध्य ) विवाह करने के फलस्वरूप सम्बंधित अधिकारी को मूल तौर पर  आबंटित प्रदेश कैडर में बदलाव/परिवर्तन  किया जा सकता है एवं उस अधिकारी को  उसकी  पत्नी (या उसके पति) को आबंटित प्रदेश कैडर में स्थायी तौर पर केंद्र सरकार द्वारा ट्रांसफर किया जा सकता है जिसे इंटर-कैडर ट्रांसफर कहा जाता है।

हालांकि यहाँ ध्यान देने योग्य है कि विवाह के फलस्वरूप आईएएस/आईपीएस /आईएफएस  कैडर में परिवर्तन करते समय सम्बंधित सेवा के  अधिकारी का उसके अपने  गृह राज्य  में  ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है। मसलन, अगर कोई पुरुष आईएएस/आईपीएस/आइएफएस  अधिकारी हरियाणा का मूल निवासी है और उसे कर्नाटक  कैडर आबंटित किया  गया है तो वह हरियाणा कैडर की महिला आईएएस/आईपीएस/आईएफएस अधिकारी के साथ विवाह कर वापिस अपने गृह "राज्य हरियाणा  में ट्रांसफर नहीं हो सकता है.हालांकि अगर दोनों पति-पत्नी चाहें तो केंद्र सरकार उन्हें कोई  तीसरा राज्य कैडर  आबंटित कर सकती है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static