कल HPSC मेंबर की लेंगी शपथ डॉ. सोनिया त्रिखा, स्वास्थ्य महानिदेशक पद से वीआरएस हुई मंजूर, मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद

punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2023 - 08:59 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : देश की जानी-मानी और बेहद काबिल महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सोनिया त्रिखा को प्रदेश सरकार ने एक नई जिम्मेदारी सौंपने का बड़ा फैसला लिया है। वह मंगलवार को हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी। उनकी इस ओथ को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। दोपहर 12 बजे के करीब राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय उन्हें शपथ दिलाएंगे। संभावना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर भी मौजूद रहें। देर रात उनकी नियुक्ति को लेकर गवर्नर ने मंजूरी देने के बाद ऑर्डर जारी किए गए हैं।

महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सोनिया द्वारा सोमवार को स्वास्थ्य महानिदेशक के पद से दिए गए रिजाइन को मंजूर कर लिया गया है। उनकी इस नई नियुक्ति के फैसले को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बड़ी राजनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है। सीएम ने नाराज चल रहे गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को भी मुख्यमंत्री मनाने में कामयाब हुए हैं। इस फैसले से उन्होंने डॉ. सोनिया त्रिखा खुल्लर को हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) का मेंबर बनाकर अपने भरोसेमंद अधिकारी को भी साध लिया।

2029 तक रहेगा इनका यह कार्यकाल

डॉ. सोनिया त्रिखा का एसपीएससी के मेंबर का कार्यकाल 6 वर्ष तक यानि 2029 तक रहेगा। इससे पहले वह 2022 में स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक बनी थीं। हालांकि अभी उनकी सर्विस का जनवरी 2026 तक का समय बचा था। वह इस पद पर नियुक्ति लेने से पहले सोमवार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया जो मंजूर कर लिया गया। इसके बाद मंगलवार को वह शपथ लेंगी। 

संवैधानिक संस्था है एचपीएससी

डॉ. सोनिया त्रिखा को सीएम मनोहर लाल को संवैधानिक पद पर नियुक्ति दी गई है। चूंकि हरियाणा लोक सेवा आयोग एक सरकारी एजेंसी और हरियाणा सरकार की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था है, जो विभिन्न सिविल सेवाओं और विभागीय पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करने के लिए सिविल सेवा परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करने के लिए जिम्मेदार है। एचपीएससी भारत के अधिनियम-1966 और 1935 प्रावधानों द्वारा अधिकृत के रूप में अपने कार्य करता है। डॉ. सोनिया को दिया गया यह पद बेहद सम्मानित पद है।

एचपीएससी का ये है काम

- योग्य उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया आयोजित करना।
- पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार और स्क्रीनिंग परीक्षण आयोजित करना।
- प्रतियोगी एवं विभागीय परीक्षाओं का आयोजन।
- सेवा नियमों का पालन एवं निर्धारण करना।
- हरियाणा सरकार को सलाह।

राजेश खुल्लर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी जीवनसंगिनी डॉ. सोनिया की यह शपथ 

बेहद मिलनसार, कुशल नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्पित शख्सियत आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर जिन्हें जब-जब जो-जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हर चुनौती को पुरी कटिबद्धता के साथ स्वीकारने का काम खुल्लर करते रहे। केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे मनोहर पार्ट 1 में अतिरिक्त प्रधान सचिव मुख्यमंत्री हरियाणा के रूप में लौट कड़ी मेहनत, दृढ़ निश्चय और लगन विलक्षण प्रतिभा के बलबूते मुख्यमंत्री के सबसे विश्वासपात्रों में शुमार हुए। कुशल प्रशासक व हर किसी की सुनने- दुख दर्द को समझने वाले बेहतरीन अधिकारियों में शुमार है राजेश खुल्लर। हरियाणा में लौट दूसरी पारी की शुरुआत करने वाले आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर जीवन रूपी क्रिकेट की पिच पर पिछले 9 वर्षों से नॉट आउट बल्लेबाजी कर रहे हैं। जिसके इनाम स्वरूप उनके जीवन में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ जाएगी। जब उनकी जीवन संगिनी डॉक्टर सोनिया त्रिखा खुल्लर हरियाणा राजभवन में दोपहर 12 बजे हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर वह भी जीवन की नई पारी का शुरुआत करेंगी। जिसको लेकर हरियाणा राजभवन से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी अवसर मौजूद रहेंगे।

बता दें कि इससे पूर्व डॉक्टर सोनिया त्रिखा हरियाणा स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक जैसे अहम पद पर तैनात थी। उन्होंने वहां से वीआरएस ले ली है। वहीं राजेश खुल्लर ने मनोहर कार्यकाल पार्ट 1 में अतिरिक्त प्रधान सचिव मुख्यमंत्री हरियाणा शुरुआत के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। जिसमें लगभग 1 साल के भीतर ही उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जैसी अहम जिम्मेदारी संभाल ली थी। इतनी बड़ी जिम्मेवारी के निर्वहन में उन्होंने जो काबिलियत परिपक्वता और कुशल प्रशासक होने की जिस दक्षता का परिचय दिया, उसकी बदौलत उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशक जैसे अहम पद पर भी बिठाया गया। इसके बाद मनोहर पार्ट 2 में जबकि उनका कार्यकाल भी 1 वर्ष शेष था उसके बावजूद उन्हें पहले ही अमेरिका से वापस बुलाया गया। इस दौरान जहां उन्हें फिर से मुख्यमंत्री कार्यालय में अहम जिम्मेदारी देने की अटकलें लगाई जा रही थी। लेकिन एक अहम जिम्मेदारी देते हुए वित्त आयुक्त राजस्व विभाग, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक संपर्क विभाग व शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे अहम विभागों की जिम्मेवारी सौंप गई। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद एकदम से उन्हें फिर से मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य प्रधान सचिव जैसे अहम पद पर बिठाया गया है। जिस तरह से मंत्रियों व राजनेताओं के यहां काम करवाने के लिए जनता का जमावड़ा लगा रहता है। उसी प्रकार से चाहे कोई भी कार्य दिवस हो राजेश खुल्लर के निवास स्थान के समक्ष लोगों का  जमावड़ा रहता है। उनके दरवाजे पर आए हुए हर मायूस व्यक्ति के चेहरे पर उनसे मिलने के बाद मुस्कान होती है। 

क्षमता और काबिलियत को साबित करती रही हैं डॉ. सोनिया 

ठीक राजेश खुल्लर की तरह उनकी धर्मपत्नी डॉक्टर सोनिया त्रिखा खुल्लर भी बेहद परिपक्व और सूझबूझ वाली अधिकारी मानी जाती है। हमेशा अपनी क्षमता और काबिलियत को साबित करने की उनमें होड़ देखी गई है। कोरोना जैसे भयंकर संकटकाल के दौरान डॉक्टर सोनिया के दिशा निर्देशों तथा नेतृत्व क्षमता से काफी राहत मानी जा सकती है। डायरेक्टर हेल्थ रहने के दौरान भी डॉक्टर सोनिया ने कई उपलब्धियां हासिल की है। अजीबोगरीब बनी परिस्थितियों के कारण उन्हें सौंपी गई इस जिम्मेदारी का निर्वहन भी उनके द्वारा शानदार तरीके से किया जाएगा, ऐसी चर्चा न केवल ब्यूरोक्रेसी बल्कि राजनीतिक लोगों में भी बनी हुई है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static