कार से नशे का कारोबार, कैमिस्ट शॉप पर डील, प्रतिबंधित दवाएं व MTP किट बरामद
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 10:12 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने नशे का कारोबार करने वाले एक कैमिस्ट को धर दबोचा है। कैमिस्ट द्वारा कार में नशीली दवाएं छिपाकर बेची जा रही थी जबकि इन नशे की दवाओं की डील वह अपनी कैमिस्ट शॉप में करता था। विभाग के अधिकारियों को जब इसकी सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और इस गोरख धंधा का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ-साथ एमटीपी किट भी बरामद की हैं। टीम ने यह सभी दवाएं कब्जे में लेकर पुलिस को शिकायत देकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
ड्रग्स कंट्रोलर डॉ मुकेश कुमार की मानें तो सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जब टीम सूचना के आधार पर ओम मेडिकल स्टोर पर पहुंची तो यहां हड़कंप मच गया। टीम ने यहां से मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी किट के साथ-साथ नशे के लिए प्रयोग होने वाली दवाएं व प्रतिबंधित कफ सिरप भी बरामद किए हैं। टीम ने इन्हें कब्जे में लेकर जब इनसे संबंधित दस्तावेज, लाइसेंस मांगा तो कैमिस्ट कुछ भी पेश नहीं कर पाया जिस पर टीम ने दवाओं को जब्त कर लिया और मामले में संबंधित थाना पुलिस को भी शिकायत दी है।
अधिकारियों ने साफ कर दिया कि गुड़गांव में नशे का और कोख के कत्ल का कारोबार वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।