नशेड़ी पति का खौफनाक जुर्म: पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, सुबह चिल्लाया-''मैंने इसे मार दिया'' और हो गया फरार

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 05:36 PM (IST)

कैथल(जयपाल रसूलपुर) : हरियाणा के कैथल जिले के चंदना गेट स्थित फ्रांस वाला रोड पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ नशे के आदी एक युवक ने रातभर चले घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अरुण अक्सर नशा करके अपनी पत्नी शालू के साथ मारपीट करता था। बीती रात भी दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। सुबह होते ही अरुण घर में चिल्लाने लगा, "मैंने इसे मार दिया है" और देखते ही देखते घर से भाग निकला। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त अरुण अपनी पत्नी की जान ले रहा था, उसका छोटा भाई और भाभी बगल के कमरे में ही सो रहे थे। उन्हें रात में हुई इस अनहोनी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब अरुण के चिल्लाने की आवाज आई, तब परिजनों को घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक शालू पंजाब के भटिंडा की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2018 में कैथल निवासी अरुण के साथ हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जो अब इस खूनी खेल के कारण अनाथ जैसे हो गए हैं। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और वे भी कैथल पहुँच रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुँची। थाना एसएचओ ने बताया कि हमें एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पति पर ही हत्या का शक है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी अरुण की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static