सोनीपत में खौफनाक वारदात: शराब के नशे में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, वजह जान रह जाएंगे दंग

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 06:09 PM (IST)

सोनीपत(सुशील मोर):   सोनीपत के गांव रहमाणा में किसान के खेत में बने कमरे में रह रही 32 वर्षीय राजवंती की कस्सी से हमला कर हत्या कर दी गई। महिला के पति नरेश पर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच अक्सर घरेलू कलह रहता था। आरोप है कि वारदात के समय नरेश शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलने पर मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।

मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी नरेश कुमार अपनी पत्नी राजवंती और करीब दस साल के बेटे के साथ गांव रहमाणा में किसान राजेंद्र के खेत में बने कमरे में रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। नरेश ने शराब के नशे में व पुराने विवाद के चलते राजवंती पर कस्सी से हमला कर दिया। राजवंती के चेहरे, सिर व पेट पर कई वार किए गए हैं। हमले में महिला की मौत हो गई।

मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि गांव रहमाणा से सूचना मिली थी कि एक महिला की हत्या कर दी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसी के पति ने अपनी पत्नी की हत्या की है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है की हत्या घरेलू विवाद के चलते की गई है। पूरे मामले में गहनता से जांच की जा रही है जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static