Sonipat: बाथरूम में हाथ-पांव बंधे मिला बुजुर्ग महिला का शव, मुंह में ठूंसा था कपड़ा, गहने भी गायब

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 09:12 AM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत जिले के गांव जटवाड़ा में हुई इस वारदात ने हर किसी को दहला कर रख दिया है।58 वर्षीय संतोष, जो घर में अकेली रहती थी, उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव घर के बाथरूम से बरामद हुआ और हाथ-पैर बंधे हुए थे जो सीधे तौर पर इस बात की तरफ इशारा करते है कि बदमाशों ने पहले उसे काबू किया और फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।

महिला के पहने हुए आभूषण और घर में रखे कीमती जेवरात भी गायब

घर के अंदर का मंजर भी कई सवाल खड़े कर रहा है, क्योंकि महिला के पहने हुए आभूषण और घर में रखे कीमती जेवरात भी गायब बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह वारदात लूट के इरादे से की गई हत्या मानी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसएफएल की टीम मौके पर पहुंच गई और हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम घर से साक्ष्य जुटा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

घर में अकेली रहती थी मृतका

इस हत्याकांड की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादयान ने बताया कि सूचना मिली थी की जटवाड़ा गांव के मकान में महिला दरवाजा नहीं खोल रही है और जब पुलिस ने आकर देखा तो महिला के हाथ पैर बंधे हुए मिले और महिला की मौत हो चुकी थी। महिला घर में अकेली ही रहती थी। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा और मामले में गहनता से जांच जारी है। 

बता दें कि गांव जटवाड़ा में हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए है। क्या बदमाशों को पहले से पता था कि महिला घर में अकेली है? क्या किसी जानकार ने ही इस वारदात को अंजाम दिया? या फिर कोई पुरानी रंजिश? अब देखना ये होगा कि इन सवालों के जवाब कब तक सामने आते है और पुलिस कब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठा पाती है।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static