दिल्ली में हिमांशु भाऊ गैंग के शूटरों से मुठभेड़, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के 2 आरोपी गोली लगने से घायल... 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 07:43 AM (IST)
दिल्ली (कमल कांसल): दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ और खूंखार हिमांशु भाऊ गैंग के शूटरों के बीच रोहिणी सेक्टर-24 में देर रात हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए तीनों बदमाश करीब एक सप्ताह पहले नरेला में जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या में शामिल थे।
रोहिणी के स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बाइक पर सवार होकर हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटर रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जैसे ही बाइक सवार तीनों संदिग्ध मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। हालांकि, बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें दो शूटरों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही ढेर हो गए। पुलिस ने तीसरे शूटर को भी मौके से धर दबोचा। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों शूटर कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। लगभग एक सप्ताह पहले तीनों ने नरेला इलाके में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की जिम से बाहर निकलते समय अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस फिलहाल आरोपियों से बाकी साथियों और हथियारों के बारे में पूछताछ कर रही है।