फरीदाबाद में ESI का राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार, गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में हुए थे शहीद

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 03:55 PM (IST)

फरीदाबाद (पूजा शर्मा) : 9 जुलाई को गौधन से भरे कैंटर का पीछा करते समय हादसे में घायल ईएसआई मुकेश की गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई  है। आज फरीदाबाद में उनके पैतृक गांव फतेहपुर बिल्लौच में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

ईएसआई मुकेश नूंह पुलिस में तैनात थे और फरीदाबाद के गांव फतेहपुर बिल्लौच के रहने वाले थे। 9 जुलाई को सीआईए पुन्हाना पुलिस गौधन से भरे कैंटर का पीछा कर रही थी। गांव गोयला के पास पुलिस टीम के साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ।पीछे से आए ट्रक नंबर HR-56C-1609 ने ईएसआई मुकेश और सिपाही गिरीश को टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल ईएसआई मुकेश को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। वेंटिलेटर पर इलाज के दौरान 10 जुलाई को ईएसआई मुकेश ने दम तोड़ दिया। आज नूंह पुलिस ने उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव फतेहपुर बिल्लौच लाकर अंतिम विदाई दी।

पुलिस जवानों ने पांच राउंड फायर कर दिवंगत ईएसआई मुकेश को अंतिम सलामी दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक नयनपाल रावत, पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, दीपक डागर, सरपंच खेमचंद सैनी, एडिशनल थाना प्रभारी प्रीतम सिंह सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static