रंजिश में रिटायर्ड फौजी व उसकी पत्नी पर हमला

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 08:26 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): खेडला गांव में पुरानी रंजिश के चलते रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी पर जानलेवा किया गया। आरोपियों ने 73 वर्षीय बुजुर्ग को घर से बाहर खींचकर लोहे की रॉड और डंडों से लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी बेरहमी से पीटा गया। थाना सदर सोहना पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मण विहार निवासी 73 वर्षीय वेद किरण ने शिकायत में बताया कि वह फौज से सेवानिवृत्त हैं। 22 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वह अपने पैतृक गांव खेडला पहुंचे, तो वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उन्हें घर से बाहर सड़क पर खींच लिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर लोहे की नुकीली रॉड से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया। जब उनकी पत्नी सुरेश देवी उन्हें बचाने आईं, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और डंडों से हमला कर दिया।

 

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर तब तक लात-घूसों और डंडों से पीटा जब तक कि वे दोनों बेहोश नहीं हो गए। शोर मचाने पर हमलावरों ने उनका मुंह तक दबा दिया ताकि मदद के लिए कोई न आ सके। होश आने पर पीड़ितों ने पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी, जिसके बाद उनके परिजनों ने उन्हें नागरिक अस्पताल गुरुग्राम में भर्ती कराया। अस्पताल से मिली मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, बुजुर्ग वेदकिरण के शरीर पर तीन गंभीर चोटें मिली हैं, जिनमें सिर पर लगा घाव किसी नुकीले हथियार का है। वहीं उनकी पत्नी सुरेश देवी के शरीर पर भी चार जगह डंडों के प्रहार के निशान पाए गए हैं।

 

रिटायर्ड फौजी ने पुलिस को बताया कि हमला करने के बाद आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि वे दोबारा गाँव में दिखाई दिए या उनके बच्चे गाँव आए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। बुजुर्ग ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर चार महिलाओं समेत सात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static