प्लॉट देखने पहुंचे डॉक्टर और साथी पर हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 07:43 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): भोड़ाकला में प्लॉट देखने पहुंचे एक डॉक्टर और उनके साथी पर युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पीडि़त की कार में तोडफ़ोड़ कर 23 हजार रुपये निकाल लिए और गाड़ी की चाबी छीनकर जान से मारने की धमकी दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस को दी शिकायत में रेवाड़ी के गोकलपुर निवासी डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि 24 जून को वह अपने दोस्त सतपाल के साथ क्रूटा कार से भोड़ाकला में एक प्लॉट देखने आए थे। चित्रसैन की ढाणी से भोड़ाकला जाते समय रास्ते में एक युवक ने हाथ देकर उनकी गाड़ी रुकवाई। युवक ने अपना नाम काली उर्फ कुलदीप बताया और उनसे वहां आने का कारण पूछा। डॉक्टर ने बताया कि वे प्लॉट देखने आए हैं।

 

इसके बाद कुलदीप ने किसी व्यक्ति को फोन कर कहा कि नशा मुक्ति केंद्र वाले उसे पकड़ने आए हैं। कुछ देर बाद जब दोनों आगे बढ़े तो एक काली स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। कार से उतरे चार-पांच युवकों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। डॉ. नरेश का आरोप है कि हमले के दौरान कुलदीप ने उनकी कार से 23 हजार रुपये निकाल लिए, जबकि एक अन्य आरोपी गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गया। आरोपियों ने जाते-जाते दोबारा इलाके में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। हमलावरों ने उनकी क्रेटा कार के सभी शीशे भी तोड़ दिए।

 

घटना के बाद घायल डॉ. नरेश और सतपाल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोड़ाकला ले जाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-10 अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, डॉ. नरेश की मेडिकल जांच (एमएलसी) में पांच चोटों का उल्लेख किया गया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक रमेश ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि शिकायतकर्ता डॉ. नरेश और आरोपी कुलदीप उर्फ काली पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनका पहले से संपर्क रहा है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में कार से रुपये और चाबी ले जाने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static