15 दिन पहले नकली तारकोल, अब यहां से मिला नकली पेट्रोल! 4 गिरफ्तार, मालिक फरार

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 02:08 PM (IST)

पानीपत: सीआईए-1 की टीम ने थाना सदर क्षेत्र में बुधवार रात रिफाइनरी रोड पर एक फैक्टरी में एथेनॉल और पेट्रोल की मिलावट कर नकली पेट्रोल तैयार करने वाला गिरोह पकड़ा है। रिफाइनरी से निकलने वाले टैंकरों से पेट्रोल और एथेनॉल चोरी कर मिलावटी पेट्रोल तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक टैंकर चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

फैक्टरी मालिक बिजेंद्र निवासी शेखपुरा थाना घरौंडा करनाल समेत सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार नकली पेट्रोल बाजार में सप्लाई होता था। छापेमारी के दौरान फैक्टरी से करीब 25 ड्रमों में भरा लगभग 5000 लीटर मिश्रित पेट्रोल और एथनॉल बरामद किया गया। इसके बाद फैक्टरी को सील कर दिया।

थाना सदर प्रभारी गुलशन ने बताया कि सूचना मिली थी कि एडीबी रिसॉर्ट के नजदीक बिजेंद्र की फैक्टरी है। जहां मिलावटी पेट्रोल तैयार कर बाजार में बेचा जाता है। इसके बाद जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक टैंकर फैक्टरी के अंदर मिला। टैंकर चालक संदीप निवासी गांव सोढ़ी थाना पिपली, कुरुक्षेत्र को पकड़ा। इसके अलावा तीन अन्य आरोपियों अक्षय पासवान, सुरेंद्र पासवान और राजू (निवासी औरंगाबाद, बिहार) को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बिजेंद्र के कहने पर नकली पेट्रोल बनाकर बाजार में बेच देते हैं। पुलिस ने फैक्टरी को सील कर दिया है। आरोपी फैक्टरी मालिक बिजेंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही है। ब्यूरो

15 दिन पहले भी इसी फैक्टरी से पकड़ा था मिलावटी तारकोल
इससे पहले भी पुलिस इस फैक्टरी पर दबिश दे चुकी है। 15 दिन पहले भी सदर थाना पुलिस ने फैक्टरी पर छापेमारी कर मिलावटी तारकोल तैयार करने का पर्दाफाश किया था। उस समय भी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन फैक्टरी मालिक बिजेंद्र भाग गया था। इस मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को दी गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static