जागरण में गया था परिवार, पीछे से उड़ाय गहने: 22 तोले सोना और स्कूटी बरामद, आरोपी महिला हिसार भेजी गई जेल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 07:28 PM (IST)
हांसी(संदीप): सेक्टर-6 स्थित एक मकान में हुई करीब 60 लाख रुपये की भीषण चोरी के मामले में हांसी पुलिस की सीआईए-2 (CIA-2) टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए एक महिला आरोपी उषा (निवासी हांसी) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 20 से 22 तोले सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी जैसी धातु और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है।
डीएसपी अक्षय कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 13 सितंबर 2026 की देर रात सेक्टर-6 स्थित मकान का पूरा परिवार पास ही आयोजित जागरण में गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखा कि चोरी की वारदात से पहले दो युवकों ने मकान की रेकी की थी। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और छापेमारी कर उषा नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला उषा ने चोरी किए गए माल में से एक हिस्सा अपने घर में छिपाकर रखा था। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने के बाद उसने दोनों मुख्य आरोपियों को अपनी स्कूटी पर बैठाकर हांसी बस स्टैंड तक छोड़ा, ताकि वे आसानी से फरार हो सकें।
बरामद आभूषणों की शिकायतकर्ता और सुनार की मौजूदगी में पहचान करवाई गई है। आरोपी महिला को अदालत में पेश करने के बाद हिसार जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल दो अन्य मुख्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।