हिसार में धूमधाम से मनाई गई गणेश चतुर्थी, गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा; उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 12:47 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : देशभर के साथ हिसार शहर में भी गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर में जगह-जगह भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अग्रवाल कॉलोनी और भामाशाह नगर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया।

भगवान गणेश जी की प्रतिमा को स्थापित करने से पहले कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे और ढोल की धुन पर भक्तजन नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान पटाखे भी फोड़े गए और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कलश यात्रा भगवान श्रीराम मंदिर से शुरू होकर भामाशाह नगर और न्यू अग्रवाल कॉलोनी से होते हुए आयोजन स्थल पर पहुंची। इसके बाद विधि-विधान से भगवान गणेश जी की स्थापना की गई और पूजा-अर्चना व आरती की गई।

पांच दिन चलेगा गणेश उत्सव

आयोजन के संयोजक मुनीश गोयल ने बताया कि अग्रवाल कॉलोनी और भामाशाह नगर के लोगों के सामूहिक सहयोग से यह आयोजन लगातार चौथी बार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार भी गणेश उत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम 14 से 18 सितंबर तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन सुबह 8 बजे भगवान गणेश जी की पूजा और 10 बजे महाआरती होगी। शाम 4 बजे अलग-अलग स्थानों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे और श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। अंतिम दिन हवन-भंडारे के बाद भगवान गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

‘जहां मंगल पूजा, वहां सबसे पहले गणेश जी की पूजा’

पंडित सुशील शर्मा ने बताया कि गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे देश में बड़ी श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान गणेश जी की पूजा हर शुभ कार्य से पहले की जाती है। उन्होंने बताया कि गणेश उत्सव की सार्वजनिक परंपरा को आगे बढ़ाने में बाल गंगाधर तिलक सहित देश के स्वतंत्रता सेनानियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि भगवान गणपति दस दिनों के लिए गणलोक से धरती पर आने की मान्यता है और इसी भावना के साथ श्रद्धालु गणेश जी की स्थापना कर उनकी पूजा-अर्चना करते हैं।

महिलाओं और श्रद्धालुओं में दिखा खास उत्साह

भक्तजन मीना जिंदल ने कहा कि यह आयोजन चौथी बार किया जा रहा है और हर साल कार्यक्रम पहले से बेहतर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में गणेश जी को लेकर उत्साह और उमंग साफ दिखाई दे रही है। स्थापना के बाद भगवान गणेश जी का श्रृंगार किया गया और इसके बाद विधिवत पूजा व आरती की गई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए और जमकर नृत्य किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static