हिसार जिला अटॉर्नी के बेटे की श्रीलंका में मौत, समुद्र में राफ्टिंग के दौरान डूबने से गई जान; सदमे में परिवार
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 10:45 AM (IST)
हिसार : हरियाणा के हिसार से दिल को झकझोर कर रख देने वाली खबर सामने आई है। यहां हिसार के जिला अटार्नी सुनील परुथी के 25 वर्षीय बेटे समृद्ध परुथी की श्रीलंका में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि समृद्ध परुथी श्रीलंका घूमने गया था। सोमवार को समुद्र में डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना परिवार को दोपहर को मिली। देर रात परिवार के सदस्य फ्लाइट से श्रीलंका के कोलंबो पहुंचे। समृद्ध 9 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था।16 सितंबर को हिसार वापस लौटना था। इससे पहले ही दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि समुद्र में राफ्टिंग के दौरान हादसा हुआ। समृद्ध के साथ मौजूद दो अन्य दोस्त भी समुद्र में डूब गए थे। उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया है।