फरीदाबाद: मुजेसर अग्निकांड में अब तक 2 की मौत, AIIMS में चल रहा घायलों का इलाज

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 04:50 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी):  मुजेसर इलाके में सोमवार शाम को हुए भीषण अग्निकांड और केमिकल धमाकों ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। कालका लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुए इस हादसे में अब मरने वालों की संख्या दो हो गई है।

सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मुजेसर स्थित शिव स्टील और कालका केमिकल वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। चश्मदीदों के मुताबिक, आग की चिंगारी जैसे ही लुब्रिकेंट केमिकल से भरे ड्रमों तक पहुंची, वहां एक के बाद एक कई जोरदार ब्लास्ट (विस्फोट) हुए। धमाके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास की इमारतें दहल गईं और करीब 100 मीटर के दायरे में खड़ी कई गाड़ियां और जेसीबी मशीन जलकर राख हो गईं।

 हादसे में 40 से अधिक लोग झुलसे थे। कंपनी मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, चार दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद प्रदीप नामक कर्मचारी ने भी दम तोड़ दिया। वर्तमान में लगभग 7 घायलों का दिल्ली के AIIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।  पुलिस ने दोनों वर्कशॉप मालिकों के खिलाफ लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। एहतियात के तौर पर मुजेसर पुलिस ने आसपास की अन्य वर्कशॉप्स को भी अस्थायी रूप से बंद करवा दिया है। आज दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फॉरेंसिक टीमें और पुलिस आग लगने के सही कारणों (शॉर्ट सर्किट या मानवीय भूल) की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static