Faridabad : माता-पिता की छोटी सी चूक पड़ी भारी, दूसरी मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 07:52 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद जिले में सूरजकुंड थाना क्षेत्र की चौकी अनखीर इलाके के गांव अनखीर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दूसरी मंजिल से गिरने के कारण डेढ़ साल के मासूम बच्चे की शुक्रवार रात मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार पिंटू चौहान, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला बलिया के थाना बांसडीह क्षेत्र के गांव शाहपुर का रहने वाला है, वर्तमान में गांव अनखीर में किराए पर रह रहा था। फरीदाबाद में करीब तीन महीने पहले वह अपने भाई की पत्नी रानी को गांव से अपने साथ लेकर आ गया था।
खेलते समय बिगड़ा संतुलन
रानी अपने साथ अपने डेढ़ साल के बेटे आर्यन को भी लेकर आई थी। बताया गया है कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे के आसपास मासूम आर्यन घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया
हादसे के तुरंत बाद बच्चे की मां और आसपास के लोगों ने घायल बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरजकुण्ड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौप दिया है यह एक दुर्घटना है जिसमे बच्चें की जान चली गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)