Haryana: किसान की बेटी बनी टॉपर, मुस्कान ने 497 अंक लेकर किया कमाल...पढ़ें लिखे नहीं हैं मां-बाप

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 12:27 PM (IST)

नरवाना (गुलशन चावला) : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं के परीक्षा परिणाम में नरवाना के ग्रामीण क्षेत्र धमतान साहिब की बेटी मुस्कान ने ऐसा कमाल कर दिखाया। जिसने पूरे हरियाणा में नरवाना का नाम रोशन कर दिया।

मुस्कान का सपना- IAS बनकर देश सेवा करना

बता दें कि 500 में से 497 अंक हासिल कर मुस्कान पूरे हरियाणा में तीसरे स्थान पर रही। सबसे खास बात ये है कि मुस्कान के माता-पिता दोनों अनपढ़ हैं। पिता किसान हैं और मां गृहिणी, लेकिन बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। मुस्कान खेतों में पिता का हाथ भी बंटाती थी और घर के काम में मां की मदद भी करती थी। इसके बावजूद उसने दिन में 7 से 8 घंटे पढ़ाई कर ये मुकाम हासिल किया। रिजल्ट की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता लग गया। वहीं स्कूल स्टाफ भी मुस्कान को सम्मानित करने उसके घर पहुंचा। मुस्कान का सपना अब IAS बनकर देश सेवा करना है।

मां बोली- ऐसी बेटी भगवान सबको दे

मुस्कान ने बताया कि उसने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर केवल अपने लक्ष्य पर फोकस किया। उसकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। मुस्कान को पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है और अब उसकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र को उस पर गर्व है। रिजल्ट आने के समय मुस्कान के पिता खेत में काम कर रहे थे, जैसे ही उन्हें बेटी के हरियाणा में तीसरे स्थान पर आने की सूचना मिली। उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। मुस्कान की मां ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और भगवान ऐसी बेटी सबको दे। आज मुस्कान ने सिर्फ अपने माता-पिता ही नहीं, बल्कि पूरे नरवाना और जींद जिले के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static