नारनौंद: मधुमक्खियों के हमले से किसान की मौत, खेत में काम करते समय हुआ हादसा
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 12:30 PM (IST)
नारनौंद : उपमंडल के गांव पेटवाड़ में रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में किसान की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय वेदपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक गांव पेटवाड़ निवासी जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 6.30 बजे अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका रिश्ते में भाई वेदपाल भी मोटरसाइकिल पर खेत में पहुंचा। खेत में पहले से ही पहाड़ी मधुमक्खियों का छत्ता लगा था और जो अचानक भड़क गया। जैसे ही वेदपाल खेत में पहुंचा मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबरा कर वेदपाल ने शोर मचाया, जिस पर वह मौके पर पहुंचा और उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन तुरंत वेदपाल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारनौंद लेकर पहुंचे जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार शरीर पर कई जगह डंक के निशान पाए गए जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ी। मामले की सूचना मिलते ही थाना नारनौंद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौत मधुमक्खियों के हमले के कारण हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई गई है। शव को नागरिक अस्पताल हांसी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)