कुरुक्षेत्र : खेतों को जा रहा था किसान... रास्ते में काल बनकर आई तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला, जीजा के सामने तोड़ दिया दम

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 06:20 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले के पिहोवा क्षेत्र में डांड रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बटेड़ी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वह रात के समय अपने खेतों की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार कार चालक बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार भारत नगर पिहोवा निवासी रिशपाल सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब सवा 8 बजे वह अपने साले सुरेंद्र सिंह के साथ गांव बटेड़ी स्थित खेतों की तरफ जा रहा था। सुरेंद्र अपनी बाइक पर आगे चल रहा था, जबकि रिशपाल अपनी स्कूटी पर उसके पीछे-पीछे आ रहा था। जब दोनों अरनेचा नहर के पुल के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कार (HR41N-6138) आई। कार चालक ने पहले उनकी गाड़ी को क्रॉस किया और फिर आगे चल रही सुरेंद्र सिंह की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद चालक ने कार थोड़ी दूरी पर रोकी और नीचे उतरकर मौके पर आया, लेकिन बाद में वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों और राहगीरों की मदद से घायल सुरेंद्र को तुरंत सरकारी अस्पताल पिहोवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह खेतीबाड़ी का काम करता था और अपने जीजा के साथ जमीन ठेके पर लेकर खेती करता था। वह अपने पीछे पत्नी कुलविंदर कौर और दो बेटियों को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सरकारी अस्पताल से सूचना मिलने के बाद सदर थाना पिहोवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static