बारिश के पानी में डूबी किसानों की मेहनत: खेतों में कई दिनों से भरा पानी, निकासी न होने से आगामी फसल पर भी संकट

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 03:05 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती):  जिले में पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण कई गांवों में खेतों में पानी भर गया है। किशनगढ़ बालावास, घासेड़ा और राजपुरा सहित आसपास के गांवों में जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान बाजरे की फसल को बताया जा रहा है। किशनगढ़ बालावास और आसपास के गांवों में कई दिनों से खेतों में पानी जमा है। 

PunjabKesari
पानी में डूबने के कारण बाजरे की फसल खराब हो गई है। फसल खराब होने के बाद किसान मजबूरी में ट्रैक्टर चलाकर खेतों की जुताई कर रहे हैं, ताकि खराब फसल को हटाया जा सके। किसानों का कहना है कि उन्होंने फसल की बुआई से लेकर देखभाल तक काफी मेहनत और खर्च किया था। बारिश के पानी में फसल खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। 

PunjabKesari
किसानों ने बताया कि कई खेतों में पानी अभी भी जमा है, जिससे अन्य फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार प्रभावित गांवों में सैकड़ों एकड़ खेत जलभराव की चपेट में हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द पानी की निकासी करवाने की मांग की है, ताकि आगामी फसल की बुआई प्रभावित न हो।

PunjabKesari
किसानों ने सरकार से बारिश से हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे में सरकार को जल्द नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को राहत देनी चाहिए।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static