जगाधरी में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण करने का किसान करेंगे विरोध, बोले- आदमी आदमी फहराए तिरंगा

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 08:25 PM (IST)

यमुनानगर(सुमित) : हरियाणा में गन्ने का भाव 450 रूपए प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे किसानों ने एक बड़ा ऐलान करते हुए गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा ध्वजारोहण करने का विरोध करने का अल्टीमेटम दिया है। किसानों का कहना है कि झंडा जरूर फहराया जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री के हाथों से नहीं।

 

यमुनानगर में शुगर मिल के बाहर धरना लगाकर बैठे किसान

 

बता दें कि किसान काफी समय से पड़ोसी राज्य पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी गन्ने के भाव बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग के तहत किसानों ने शुगर मिलों पर तालाबंदी कर उनके बाहर धरने लगा दिए हैं। इस बीच प्रदेश सरकार द्वारा बीते दिन ही गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने वाले विधायकों और मंत्रियों की एक लिस्ट जारी की गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल यमुनानगर जिले के जगाधरी में ध्वजारोहण करेंगे। यह खबर मिलते ही यमुनानगर में धरने पर बैठे किसानों ने ऐलान कर दिया है कि वे सीएम मनोहर लाल द्वारा तिरंगा फहराने का विरोध करेंगे। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को तिरंगा फहराने का कोई हक नहीं है। किसानों का कहना है कि गणतंत्र दिवस पर जगाधरी में तिरंगा तो जरूर फहराया जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री के हाथों नहीं जबकि यहां आम आदमी के हाथ से तिरंगा फहराया जाएगा।  

 

किसानों ने 26 जनवरी तक मांगे पूरी करने का दिया अल्टीमेटम

 

भारतीय किसान यूनियन के डायरेक्टर मनदीप रोड छप्पर का कहना है कि आज किसान और व्यापारी के साथ आमजन भी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठने को मजबूर है।  ऐसे में देश आजाद कहां से हो गया है। किसानों का कहना है कि देश में जो हालात हैं उसमें गणतंत्र दिवस कैसे मनाएं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने 26 जनवरी तक किसानों की मांग नहीं मानी तो वे जगाधरी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का विरोध करेंगे। यही नहीं सीएम मनोहर लाल को जगाधरी में ध्वजारोहण भी नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जगह आम आदमी के हाथ से तिरंगा झंडा फहराया जाना चाहिए।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static