फास्ट फूड दुकान संचालक सहित तीन पर आरोपियों ने किया धारदार हथियार से हमला, एक की मौत 2 गंभीर घायल

punjabkesari.in Tuesday, Dec 26, 2023 - 06:20 PM (IST)

सोनीपत(सन्नी मलिक): खरखौदा के गांव गोरड में फास्ट फूड दुकान संचालक की पीटकर व नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। इस दौरान आरोपियों ने मृतक के दो चचेरे भाइयों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर रात को उनकी बंद हो चुकी दुकान में आकर नेपाली कारिंदे पर खाने का सामान तैयार करने का दबाव बना रहे थे। उसके मना करने पर उसे तंग किया तो उसने संचालक को कॉल कर दी। संचालक दो चचेरे भाइयों को साथ लेकर समझाने गया तो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

PunjabKesari

गांव गोरड निवासी धर्मेंद्र (30) गांव में ही फास्ट फूड की दुकान चलाते थे। देर रात करीब वह घर जा चुके थे। दुकान पर उनके पास काम करने वाला नेपाली कारिंदा मौजूद था। रविवार रात को गांव के ही सुरेंद्र के परिवार में बच्चे के जन्म पर कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें उनके परिचित व रिश्तेदार आए हुए थे। रात को उनमें से करीब 20-25 युवक धर्मेंद्र की फास्ट फूड की दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने नेपाली कारिंदे से खाने का सामान बनाकर देने की मांग की। इस पर कारिंदे ने रात को दुकान बंद होने की बात कही।

इसके बाद युवक उस पर खाने का सामान तैयार करने का दबाव बनाने लगे। इस पर उसने धर्मेंद्र को कॉल की। धर्मेंद्र अपने चचेरे भाई वीरेंद्र व दलेल सिंह को लेकर दुकान पर पहुंचा और युवकों को दुकान बंद होने का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवकों ने बहस कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बुरी तरह पीटने के साथ ही उन पर नुकीले हथियार से हमला भी किया गया। जिससे तीनों भाई घायल हो गए। ग्रामीणों के आने पर हमलावर भाग गए। जिस पर घायलों को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर धर्मेंद्र की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची खरखौदा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौके पर लगे सीसीटीवी की फुटेज लेकर हमलावरों की पहचान व तलाश की जा रही है।

इस मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि गांव गोरड से हमें लड़ाई झगड़े की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि कुछ लोगों ने धर्मेंद्र और उसके दो भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला किया है। जिसमें धर्मेंद्र की मौत हो चुकी है। इस में कौन-कौन शामिल हैं इसका पता लगाया जा रहा है। हलांकि की पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static