डूंडाहेड़ा में छत गिरी, एक्सपोर्ट कंपनी के चेकर की मौत, 3 घायल

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 11:49 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। एक पुराने मकान की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी मकान में मौजूद दो लोगों के साथ गली से बाइक पर गुजर रहे दंपत्ति भी दब गए। लोगों ने इन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां एक की मौत हो गई जबकि एक को गंभीर हालत मेंं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, दंपत्ति को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मकान मालिक व केयर टेकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 125 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से औरंगाबाद बिहार के रहने वाले श्रवण माली ने बताया कि उनका भाई सतीश माली(30) डूंडाहेड़ा के एक मकान की दूसरी मंजिल पर अपने दोस्त रवि झा के साथ ओम प्रकाश के मकान में किराए पर रहता था। सतीश एक एक्सपोर्ट कंपनी में फाइनल चेकर के पद पर कार्यरत था। इस मकान की देखरेख के लिए ओम प्रकाश ने राकेश को केयरटेकर रखा हुआ था। इस मकान की हालत काफी जर्जर हो गई थी और बारिश के दौरान छत से पानी भी टपकता था। इसकी मरम्मत के लिए वह कई बार राकेश और ओम प्रकाश को कह चुके हैं, लेकिन जब भी वह रिपेयरिंग के लिए कहते तो दोनों उन पर चिल्ला पड़ते थे। ऐसे में जब वह मकान खाली करने के लिए कहते तो वह उन्हें किराए की लालच में मकान भी खाली नहीं करने दे रहे थे।

 

श्रवण माली ने बताया कि कल रात को उनका भाई सतीश माली खाना बना रहा था जबकि रवि झा बर्तन साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक छत गिर गई जिसमें वह दोनों दब गए। घर का छज्जा भी गिर गया जो गली में बाइक से गुजर रहे दंपत्ति पर जा गिरा। इस घटना के बाद चीख पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना देते हुए राहत व बचाव का कार्य शुरू कर दिया। जब तक मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया तब तक सतीश की मौत हो चुकी थी। जबकि रवि सहित बाइक सवार दंपत्ति बुरी तरह से घायल हो गए थे जिन्हें सेक्टर-10 सिविल अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। 

 

पुलिस के मुताबिक, रवि की हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया जबकि बाइक सवार राहुल व उनकी पत्नी कीर्ती को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। वहीं, मामले में उद्योग विहार थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एसडीआरएफ अधिकारियों की मानें तो रात को उन्हें डूंडाहेड़ा में मकान की छत गिरने की सूचना मिली थी जिसके बाद टीम को मौके पर भेज दिया गया, लेकिन उद्योग विहार थाना प्रभारी ने स्थिति नियंत्रण में होने और मामूली चोटें होने की बात कहकर टीम को बीच रास्ते से ही वापस भेज दिया गया। मामले में फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static