Rohtak: पत्नी मायके गई और पीछे से उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, बच्चों को मौत की नींद सुलाकर पिता ने दी जान
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 12:10 PM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित ओमैक्स सिटी से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपने ही मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह खौफनाक वारदात ओमैक्स सिटी के बीपीएल फ्लैट्स (फ्लैट नंबर 309) में हुई, जहाँ मृतक सुनील किराए पर रहता था। सुनील मूल रूप से महेंद्रगढ़ के खुडान गाँव का रहने वाला था। उसका परिवार वर्तमान में लाइनपार के हरि नगर इलाके में रहता है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त सुनील की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। सोमवार को सुनील हरि नगर में अपने भाइयों के घर गया था। वहाँ से उसने यह कहकर विदा ली कि उसकी पत्नी वापस आ रही है, इसलिए वह अपने ओमैक्स सिटी वाले फ्लैट पर लौट रहा है। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा।
मृतक सुनील पेशे से ड्राइविंग और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। सोमवार को फ्लैट पर वापस आने के बाद उसने पहले अपने बच्चों को मौत के घाट उतारा और फिर खुद फंदे से लटक गया। इस खौफनाक वारदात के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और आस-पड़ोस के लोग गहरे सदमे और हैरानी में हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।