वोटिंग के आखिरी घंटे सिरसा में रहे तनावपूर्ण, भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत...पत्थरबाजी में टूटे शीशे

punjabkesari.in Sunday, May 26, 2024 - 06:33 PM (IST)

सिरसा(सतनाम सिंह): हरियाणा में लोकसभा चुनाव की वोटिंग खत्म होते ही सिरसा में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया। दरअसल वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद भाजपा और कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। काफी देर तक तू - तड़ाक के बाद विवाद बढ़ गया, यहां तक एक दूसरे पर हमले की भी कोशिश दोनों तरफ से की गई।

PunjabKesari

कांग्रेस नेता के दफ्तर और गाड़ी के टूटे शीशे

जानकारी के अनुसार सबसे पहले कांग्रेस नेता नवीन केडिया के ऑफिस के बाहर पथराव कर तोड़फोड़ की गई। जिसके बाद आक्रोश में आकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सबक सिखाने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस दलबल ने ऐसा नहीं होने दिया। फिलहाल इस घटना में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा एक दूसरे पर पत्थरबाजी भी की गई। पथराव की चपेट में आने से कांग्रेस नेता राजन मेहता की गाड़ी के शीशे भी टूट गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता नवीन केडिया के ऑफिस के शीशे भी टूटे हुए दिखाई दिए हैं। इस घटना के बाद से सिरसा में तनाव का माहौल पैदा हो गया था। हालांकि भारी पुलिस दलबल इस घटना को रोकने और घटना के बाद लोगों को शांत करने के लिए लगाई गई थी। लेकिन दोनों तरफ से आक्रोश को बढ़ता देखकर और भी पुलिस के जवान और तैनात किए गए हैं। 

पुलिस की तफ्तीश जारी

वहीं मामले में भाजपा नेताओं की तरफ से आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के एक युवा नेता ने उनकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया है। दूसरी तरफ कांग्रेसी नेता ने भाजपा नेताओं पर दबंगई करने का आरोप भी लगा रहे हैं। फिलहाल दोनों तरफ से सिरसा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। 

PunjabKesari

'भाजपा कार्यकर्ताओं ने वोटरों को बांटे पैसे'

युवा कांग्रेस नेता राजन मेहता ने कहा कि कल चुनाव प्रचार शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन भाजपा के कुछ नेता और कार्यकर्ता चुनाव में मतदान को प्रभावित करने के लिए कुछ लोगों को पैसे बांटने का प्रयास कर रहे थे। जिसकी सूचना मिलने के बाद वे और उनके कुछ साथी मौके पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद उनकी गाड़ी को भी तोड़ा गया। इसके साथ ही नवीन केडिया के ऑफिस पर पथराव करके भी ऑफिस के शीशे तोड़े गए। राजन मेहता ने अब इस मामले में जांच की मांग की है।

 'भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी'

वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरभान मेहता ने भी कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी कल देर शाम देखने को मिली। चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा था, लेकिन चुनाव की वोटिंग खत्म होने से पहले भाजपा के कुछ नेता और कार्यकर्ता लोगों को पैसे देकर वोट खरीदे हैं। जिसकी सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के नेता वहां मौके पर पहुंचे और मामला तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि कुछ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के नेताओं के ऑफिस और गाड़ी पर पथराव किया गया। जिसके बाद मामला तनावपूर्ण हो गया फिलहाल वीर भान मेहता ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

PunjabKesari

माहौल बिगाड़ने में लगे थे भाजपाईः कुमारी सैलजा

सिरसा लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने इस मामले पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकसभा चुनाव में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले की पुलिस जांच कर रही है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता शांतिपूर्वक मतदान में सहयोग कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ भाजपा के नेता और कार्यकर्ता माहौल को बिगड़ने का लगातार प्रयास कर रहे थे, जो नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की खुद गवाह थी और जांच कर रही है। 

PunjabKesari

नाबालिग बेटी के साथ किया दुर्व्यवहारः अशोक तंवर

भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर ने मामले में कहा कि इस तरह का कल्चर कांग्रेस का हमेशा ही रहा है। उन पर भी पहले कई बार हमले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया है। जिसके लिए उनको शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस को इस मामले की शिकायत दी गई है और पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है। डॉ अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस के नेता इस चुनाव को लेकर हताश और निराश है और इस तरह की घटना सिरसा लोकसभा क्षेत्र में कई जगहों पर कांग्रेस के नेता अंजाम दे चुके हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static