सिरसा के सरकारी स्कूल में खूनी वारदात, 10वीं के छात्र ने शिक्षक पर किए ताबड़तोड़ वार... हालत गंभीर
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 12:02 PM (IST)
सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले के जमाल गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एक खौफनाक वारदात सामने आई। दसवीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने क्लासरूम के अंदर ही अपने हिंदी शिक्षक की गर्दन पर पेचकस (Screwdriver) से तीन से चार बार ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया। घायल शिक्षक को तुरंत चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद कथित तौर पर धार्मिक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, शिक्षक छात्र पर काफी समय से धर्म विशेष को लेकर व्यक्तिगत व आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे, जिससे आहत होकर छात्र ने यह कदम उठाया। अस्पताल में भर्ती शिक्षक ने पुलिस पूछताछ में कहा कि छात्र ने उन पर हमला क्यों किया, उन्हें इस कारण की कोई जानकारी नहीं है।
कैसे घटी वारदात?
स्कूल के प्राचार्य प्रताप सिंह ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि सुबह 11:00 बजे: हिंदी के शिक्षक अपनी कक्षा में बैठकर छात्रों की कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान आरोपी छात्र ने अपने बैग से पेचकस निकाला और तेजी से शिक्षक की तरफ बढ़ा। जब तक शिक्षक कुछ समझ पाते, छात्र ने उनकी गर्दन पर वार कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर स्कूल का स्टाफ मौके पर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को संभाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि छात्र फायदा उठाकर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही जमाल पुलिस चौकी प्रभारी रामकुमार पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित शिक्षक के बयानों और स्कूल प्रशासन की शिकायत पर आरोपी नाबालिग छात्र के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस फरार छात्र की तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी है।