पेपर खाली छोड़ो, सूटकेस भरो और नौकरी लो अब हरियाणा की पहचान: जयहिंद

punjabkesari.in Tuesday, Nov 23, 2021 - 11:30 AM (IST)

पानीपत/चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने हरियाणा लोकसेवा आयोग के उपसचिव-एचसीएस अधिकारी अनिल नागर से करोड़ों रुपये नगद बरामद करने और नौकरियों में पर्ची-खर्ची के आरोपों पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। सरकारी नौकरियां नीलाम की जा रही हैं। जयहिंद ने 26 नवंबर को लोकसेवा आयोग तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग मुख्यालय पर प्रदर्शन के संकेत भी दिए हैं।

सोमवार को चंडीगढ़ से जारी एक बयान में जयहिंद ने कहा कि वह खुद सरकार व चेयरमैन से ग्रुप-डी से लेकर जज तक की नौकरियों की रेट लिस्ट पता करने के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ आएंगे। एचसीएस अधिकारी अनिल नागर से 2 करोड़ 10 लाख रुपये सीज करने व पेपर लीक मामले पर जयहिंद ने कहा, आप ने 2016 में एचएसएससी के पूर्व चेयरमैन भारत भूषण भारती की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि आज जिस गिरोह पर नकेल कसी जा रही है, उसके बारे में 2018 में ही बताया जा चुका था लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पारदर्शिता-पारदर्शिता चिल्लाते रहे और परदे के पीछे नौकरियों की मंडी चलती रही। 

अब तक सरकार एक भी आरोपी को सजा नहीं दिला सकी है। आप नेता ने कहा कि कांग्रेसराज में तो नौकरियां पर्ची-खर्ची से मिलती थी, अब क्या सूटकेस से मिलती हैं। जयहिंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं के साथ शुरू से ही धोखा दिया गया है। 10वीं की परीक्षा से लेकर जज भर्ती के पेपर तक लीक हो रहे हैं। सरकार ने कभी भी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। दबाव बढ़ा तो एसआईटी का गठन करके खानापूर्ति की गई।

हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static