Haryana में चुनाव प्रचार का अंतिम दौर शुरू, जानिए किन हाइप्रोफाइल सीटों पर टिकी नजर ?

punjabkesari.in Wednesday, Oct 02, 2024 - 05:54 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा में विधानसभा चुनाव के सियासी रण में अब केवल कुछ ही दिन का समय शेष बचा है। ऐसे में पूरे प्रदेश की नजरें प्रदेश की सबसे हॉट सीटों पर लगी हुई है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में इस बार 6 सीट पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। इन हाई प्रोफाइल सीटों को लेकर जहां पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। वहीं, दिग्गजों के राजनीतिक भविष्य को तय करने वाली इस सीटों को लेकर अलग-अलग दावे भी किए जा रहे हैं। बीजेपी में सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व गृह मंत्री अनिल विज के अलावा अन्य कईं मंत्रियों की सीट चर्चा का विषय बनी हुई है। 

लाडवा से सीएम का चेहरा आजमा रहा भाग्य
कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट भी चर्चित सीटों में से एक है। इस सीट से प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी की ओर से उन्हें फिर से अपनी ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया हुआ है। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक मेवा सिंह से है। 


अंबाला छावनी सीट बनी हॉट सीट
हरियाणा की अंबाला छावनी की सीट हाईप्रोफाइल सीटों में एक है। भाजपा की टिकट पर इस सीट से अनिल विज चुनाव लड़ रहे हैं। वह छह बार इस सीट से विधायक रह चुके हैं। विज इस बार भी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। यह सीट इसलिए हाई प्रोफाइल है, क्योंकि यहां से कांग्रेस की बागी चित्रा सरवारा भी चुनाव लड़ रही हैं। हालांकि कांग्रेस ने परविंदर सिंह परी को चुनावी मैदान में उतारा है।

नारनौंद पर रहेंगी नजरें
मनोहर सरकार पार्ट वन में वित्त मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी कैप्टन अभिमन्यु की सीट नारनौंद पर भी सभी की नजरें हैं। उनकी सीट को लेकर भी प्रदेश भर की नजरें लगी रहेंगी, यहां पर कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला बताने वालों की संख्या ज्यादा, जबकि त्रिकोणीय चुनाव बताने वालों की संख्या कम है। पूर्व में एक चुनाव कैप्टन अभिमन्यु यहां से हार गए थे, पिछली बार यहां से रामकुमार गौतम जेजेपा से जीते थे, लेकिन इस बार गौतम खुद पूर्व वित्तमंत्री के लिए वोट की अपील कर रहे हैं।


डबवाली हॉट सीट में शामिल
प्रदेश की डबवाली की गिनती हाई प्रोफाइल सीटों में है। देवीलाल परिवार के सदस्य इस बार इस सीट पर आमने-सामने हैं। देवीलाल के पड़पोते दिग्विजय जेजेपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अलावा मौजूदा विधायक और देवीलाल के भाई के पोते अमित सिहाग कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से चुनावी मैदान में हैं।

रानिया सीट पर भी टिकी नजरें
रानिया विधानसभा सीट से बीजेपी सरकार में मंत्री रहे रणजीत सिंह चौटाला आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में है। जेजेपी की ओर से उन्हें समर्थन देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा इनेलो की टिकट पर रणजीत के पोते लगने वाले अर्जुन चौटाला चुनावी मैदान में है। 

हिसार सीट भी बनी हॉट
हिसार विधानसभा सीट से इस बार एशिया की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं, जबकि उनके बेटे नवीन जिंदल बीजेपी के सांसद है। सावित्री जिंदल का मुकाबला बीजेपी सरकार में मंत्री रहे डॉ. कमल गुप्ता के साथ है। सावित्री जिंदल को उद्योगपति सुभाष चंद्रा की ओर से भी समर्थन देने का ऐलान किया गया है। 



जुलाना भी हॉट सीटों में एक
जुलाना सीट पर प्रदेश की ही नहीं, देश की भी नजर टिकी हैं। कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी के टिकट पर एयर इंडिया के कैप्टन योगेश बैरागी चुनाव लड़ रहे हैं। जेजेपी की ओर से मौजूदा विधायक अमरजीत ढांडा चुनावी मैदान में हैं। सीट भी अच्छी खासी चर्चा में हैं, क्योंकि विनेश को कांग्रेस ने मैदान में उतारकर बड़ा कार्ड खेल दिया है।

तोशाम सीट पर भाई-बहन के बीच मुकाबला
भिवानी की तोशाम सीट पर बंसीलाल के पोते और पोती आमने-सामने हैं। तोशाम सीट बंसीलाल परिवार की पैतृक सीट है और सीट से भाजपा के टिकट पर किरण चौधरी की बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने इस सीट से श्रुति चौधरी के ताऊ के बेटे यानी श्रुति चौधरी के भाई अनिरुद्ध चौधरी को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है।
बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनावी परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में देखना होगा कि मतदाता किस-किस पर अपना विश्वास जताते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static