यात्रियों से भरी सिटी बस में लगी आग, चालक की फुर्ती से टली त्रासदी

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 08:41 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): ओल्ड दिल्ली रोड पर बृहस्पतिवार सुबह रूट नंबर-215 की सिटी बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुरुग्राम बस अड्डे से डूंडाहेड़ा जा रही बस में उस समय 60 से अधिक यात्री सवार थे। चालक की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9.30 बजे बस गुरुग्राम बस अड्डे से रवाना हुई थी। करीब 10 बजे ओल्ड दिल्ली रोड स्थित शनि मंदिर के पास पहुंचने पर बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस सडक़ किनारे रोककर दोनों दरवाजे खोल दिए और यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।


सूचना मिलते ही उद्योग विहार फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, बृहस्पतिवार सुबह ही बस अड्डा वर्कशॉप के सामने खड़ी एक निजी बस की सीट में भी अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर भीमनगर फायर स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। इस घटना में केवल एक सीट ही क्षतिग्रस्त हुई और बड़ा नुकसान होने से बच गया।


उद्योग विहार फायर स्टेशन के फायर अधिकारी राम करण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर सिटी बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि चालक की सतर्कता के कारण सभी यात्री सुरक्षित बच गए और कोई घायल नहीं हुआ।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static