Haryana में आसमान से बरस रही आग...इस जिले में तापमान 46°C के पार, 13 जिलों में लू का अलर्ट

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 08:16 PM (IST)

चंड़ीगढ़ : हरियाणा में भीषण गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। लगातार तापमान में उफान देखने को मिल रहा है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान सिरसा में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि आगामी 19 मई को राज्य के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा और फतेहाबाद सहित कुल 13 जिलों में भीषण हीटवेव (लू) चलने की पूरी संभावना है। लगातार बढ़ते तापमान और तपिश को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने कहा है कि लोग धूप में निकलने से बचें, सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

PunjabKesari

मौसम विभाग के अनुसार, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में अलग-अलग स्थानों पर लू का सबसे ज्यादा और खतरनाक असर देखने को मिलेगा। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस समय प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा जिले में दर्ज किया गया है, जो कि 46 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू गया है। वहीं रोहतक, नारनौल, हिसार और फरीदाबाद जैसे प्रमुख जिलों में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है।

वहीं, प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static