Hisar Airport की ''ऊंची उड़ान'': 1 साल में 1000+ उड़ानें संचालित, अब जम्मू-अहमदाबाद की बारी...
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 08:46 AM (IST)
चंडीगढ़: हिसार एयरपोर्ट से जम्मू व अहमदाबाद की उड़ान के लिए दो साल पहले करार हुआ था मगर प्रस्तावित उड़ानें अब तक शुरू नहीं हो सकी हैं। इन दोनों रूटों पर उड़ानें शुरू न होने का मुख्य कारण एविएशन कंपनी के पास पर्याप्त विमानों की उपलब्धता न होना है। इस वजह से योजना के बावजूद सेवाएं शुरू करने में देरी हुई।
अब हरियाणा सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एलायंस एयर के साथ जल्द बैठक करने वाली है ताकि लंबित रूटों पर उड़ान सेवाएं शुरू की जा सकें। करीब दो साल पहले राज्य सरकार ने एलायंस एयर कंपनी के साथ पांच राज्यों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने का करार किया था। इस समझौते के तहत हिसार से चंडीगढ़, अयोध्या और जयपुर के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू कर दी गई थीं। अहमदाबाद और जम्मू का प्रस्ताव लटका हुआ है।
हिसार एयरपोर्ट: एक साल में एक हजार से ज्यादा उड़ानें संचालित
हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन 14 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उस दौरान हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या और नई दिल्ली के लिए उड़ानें शुरू हुई थीं। एक साल में हिसार हवाई अड्डे से चार शहरों के लिए एक हजार से ज्यादा उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन आंकड़ों से पता चलता है कि एयरपोर्ट में यात्रियों का आवागमन बढ़ रहा है। इससे एविएशन विभाग उत्साहित है और एयरपोर्ट की सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। इसी महीने हवाई अड्डे पर नॉन-प्रिसिजन रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की सुविधा शुरू हो गई है। इससे रनवे पर 1,800 मीटर की दृश्यता के साथ लैंडिंग संभव हो सकेगी।
हरियाणा सिविल एविएशन के मुताबिक कंपनी मई-जून के लिए समर शेड्यूल जारी करने वाली है। उससे पहले हरियाणा सरकार विमानन कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक करके दोनों शहरों के लिए उड़ान संबंधी फैसला लेगी। प्रस्ताव है कि पहले अहमदाबाद के लिए सेवा जल्द शुरू की जाएगी और उसके बाद जम्मू के लिए। यह भी संभावना है कि चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को ही आगे जम्मू तक विस्तार दे दिया जाए। सिविल एविएशन मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि अहमदाबाद और जम्मू के लिएफ्लाइट की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस संबंध में जल्द बैठक होने वाली है। अन्य शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव बनाया जा रहा है।