बदमाशों के दिलों में कानून का खौफ गायब, पूर्व विधायक के बड़े भाई पर सरेआम की फायरिंग
punjabkesari.in Saturday, May 27, 2017 - 09:25 AM (IST)
यमुनानगर (सुमित अोबरॉय):आई.एन.एल.डी. के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के बड़े भाई राजेन्द्र सिंह उर्फ राजा के प्लाईबोर्ड फैक्ट्री के ऑफिस में 4 बदमाशों ने सरेआम घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में राजा और उनके दोस्त संजीव गुप्ता बुरी तरह से घायल हो गए जिन्हें एक निजी अस्पताल के आई.सी.यू. में भर्ती करवाया गया है। मामला पूर्व विधायक के परिवार से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि सभी बदमाश कार में सवार होकर आए थे और यह हमला योजबद्ध तरीके से किया गया था।
घटना स्थल पर बिखरीं गोलियां व खून के धब्बे खुद गवाही दे रहे हैं कि यमुनानगर में बदमाशों के दिलों में कानून का खौफ किस कदर गायब हो चुका है। पुलिस की सीन ऑफ क्राईम फोंरसिक टीम के अधिकारियों ने इस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की और मौके से कई महत्वपूर्ण सुराग एकत्रित किए। पुलिस अधिकारियों की माने तो यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उसके परिवार ने इस हमले से पहले पुलिस के सामने अपनी जान को खतरा बताया था। मगर उस समय पुलिस ने इस मामले को हलके से लिया। आज इस हमले के बाद एसपी राजेश कालिया भी इस बात को स्वीकर कर रहें है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दे रहें है।
एस.पी. की माने तो इस हमले के पीछे व्यापारिक रंजिश भी हो सकती है और जांच में पिछले दिनों इस परिवार के बच्चों के बीच हुए खूनी संघर्ष को भी जोड़कर देखा जाएगा। एस.पी. ने दावा किया कि सभी हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।