धोखाधड़ी के आरोपी ने पुलिस पर चढ़ा दी गाड़ी, टक्कर मारकर हुआ फरार
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:16 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): इन दिनों पुलिस अपराधियों के सामने घुटने टेकती नजर आ रही है। एक तरफ जहां सेक्टर-29 थाने में पुलिस कस्टडी से स्नेचिंग का आरोपी फरार हो गया वहीं, दूसरी तरफ 47 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोपी भोंडसी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाते हुए फरार होने में कामयाब हो गया। आरोपी ने पुलिस बेरिकेड और पुलिस की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में फिलहाल भोंडसी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 221, 281, 324(2), 351(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक,साइबर थाना मानेसर के पीएसआई दीपेश कुमार की शिकायत पर भोंडसी थाने में आरोपी नूंह के गांव खेड़ला निवासी अल्ताफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीएसआई दीपेश कुमार ने बताया कि साइबर थाना मानेसर में एक 30 सितंबर 2025 को पाम हिल्स सोसाइटी के रहने वाले राहुल मानिक ने टेलीग्राम के माध्यम से इनवेस्टमेंट के नाम पर47 लाख रुपए की धाेखाधड़ी करने का केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उन्हें व्हाट्सएप के जरिए इनवेस्टमेंट प्लान दिए गए थे और उनसे अलग-अलग समय पर रकम बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई थी। उनके साथ कुल 47 लाख रुपए का फ्रॉड हुआ। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया था।
मामले में जांच करते हुए पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की। मामले की जांच कर रहे पीएसआई दीपेश को सूचना मिली थी कि फ्रॉड करने का मुख्य आरोपी अल्ताफ गांव धुनेला की फ्लोरा एवेन्यू 33 सोसाइटी में मौजूद है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू करने का प्रयास किया तो आरोपी को इसकी भनक लग गई। इस पर आरोपी अल्ताफ अपनी गाड़ी से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने बेरिकेड लगाकर और अपनी गाड़ी अड़ाकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करते हुए बेरिकेड और गाड़ी को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। मामले में पीएसआई दीपेश ने भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।