1.20 लाख में 10वीं-12वीं पास कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ''डमी छात्र'' बिठाकर दिलाते थे डिग्रियां

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 02:30 PM (IST)

अंबाला सिटी: 10वीं-12वीं के फेल विद्यार्थियों को धोखाधड़ी से पास कराने वाले स्कूल संचालक मनमोहन सिंह ने सोहल को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते गिरफ्तार किया है। वह फेल होने वाले विद्यार्थियों के 65 हजार से 1.20 लाख रुपये तक लेकर ओपन स्कूल की परीक्षाओं में पढ़े-लिखे डमी (फर्जी) परीक्षार्थी बैठाकर उनको पास करवाता था। परीक्षा के लिए नूंह व मेवात के केंद्रों को ही चुनता था।

पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शाहबाद स्थित कर्म ज्ञान कॉलेज की संचालिका बीना रानी व राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के अधिकारियों व परीक्षा केंद्र स्टाफ पर भी आपराधिक साजिश की प्राथमिकी दर्ज की है।

अंबाला के बलदेव नगर थाने के प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार आरोपी संचालक ने पूछताछ में कबूला कि वह जानबूझकर परीक्षा के लिए जिला नूंह/मेवात क्षेत्र के केंद्रों को चुनता था, क्योंकि वहां निगरानी और चेकिंग तंत्र कमजोर रहता है। वह अब तक हजारों छात्रों को फर्जी तरीके से पास करवा चुका है। इनमें से कई छात्र वर्तमान में विभिन्न सरकारी नौकरियों में भी कार्यरत हैं। सोहल सुल्तानपुर स्थित दशमेश पब्लिक स्कूल का संचालक है और इसी स्कूल में बैठकर वह फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था।

मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के उप निरीक्षक प्रविंद्र कुमार ने फर्जी अभिभावक बनकर आरोपी संचालक से मुलाकात की तो आरोपी ने पास कराने के एवज में 65,000 रुपये मांगे। आरोपी के स्कूटर की डिग्गी से 4 छात्रों के परीक्षा परिणामों की छाया प्रति व स्कूल की अलमारी से 14 छात्रों के रिजल्ट मिले हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static