रुपयों के विवाद में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी ने की सरिया दुकान संचालक की पिटाई
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 09:10 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सरिया दुकान संचालक को उधार दिलाए रुपये वापस न कराने पर बुलाकर मारपीट करने के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी अंकित नरवाल के खिलाफ सेक्टर-53 थाने में केस दर्ज किया गया है। पीड़ित सरिया दुकान संचालक का आरोप है कि डीएलएफ फेज-5 इलाके में 30 मई को एक मकान में बुलाकर उसे लात-घूसों व पिस्टल के बट से पीटा गया। सेक्टर-53 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीन ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के नाम के अलावा अन्य जानकारी शिकायतकर्ता ने नहीं दी है। मामले में जांच की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, झज्जर के खुडन गांव के अतुल पुनिया ने शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के वजीरपुर में सरिया की दुकान चलाते हैं। अतुल ने अपने साथी को अंकित नरवाल से 2 लाख रुपये अपनी जिम्मेदारी पर दिलवाए थे। अतुल को ही ये रुपये वापस करने थे। 30 मई को अतुल ने 20 हजार रुपये अंकित के बड़े भाई विकास नरवाल के खाते में ट्रांसफर किए। आरोप है कि 30 मई को ही विकास ने अतुल को कॉल कर कहा कि मेरा भाई अंकित नरवाल डीएलएफ फेज-5 एक्सक्लूसिव फ्लोर के मकान में तीसरी मंजिल पर बुला रहा है।
शिकायत में अतुल ने बताया कि इस पते को वो पहले से जानता था। 30 मई की रात 11 बजे वो बताए गए पते पर पहुंचा तो वहां अंकित नरवाल व उसके साथी विक्की कालिया, सन्नी नांदल, हर्ष, मोनू, राहुल व एक लड़का मोट मिले। इन सभी को अतुल पहले से जानता था। आरोप है कि अंकित ने बैठने को कहा तो जैसे ही अतुल सोफे पर बैठने लगा तो अंकित व अन्य सभी थप्पड़, लात-घूसे मारने शुरू कर दिया। आरोप है कि अंकित ने पिस्टल के बट से भी मारा और धमकी दी कि जल्द रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसकी वीडियो भी बनाई और वायरल करने की धमकी दी। अतुल के साथ उसकी बुआ का लड़का प्रतीक भी गया था, लेकिन आरोपियों ने उसे मकान के बाहर ही रोक दिया, तीसरी मंजिल तक नहीं जाने दिया। शिकायतकर्ता ने अस्पताल जाकर इलाज कराया। 4 जून को फिर से जाकर अपना मेडिकल कराया और शिकायत पुलिस को दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।