प्री स्कूल डे केयर में टीचर ने की 2 साल की मासूम की बेरहमी से पिटाई, CCTV से खुला राज
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 10:20 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के प्री स्कूल डे केयर में दो साल की मासूम की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। अभिभावक जब अपनी बेटी को डे केयर से वापस घर ले जाने के लिए आए तो उन्होंने बेटी के गाल लाल देखे। पूछताछ में टीचर ने सुबह से ही गाल लाल होने का बहाना बना दिया। जब अभिभावकों ने CCTV कैमरे की फुटेज देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसकी शिकायत उन्होंने सेक्टर-29 डीएलएफ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जुवेनाइल जस्टिस प्रोटेकक्शन एक्ट की धारा 75 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मारुति विहार सेक्टर-28 निवासी शिवांगी खन्ना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी सवा दो साल की बेटी का मारुति विहार के सनशाइन प्री स्कूल डे-केयर में एडमिशन कराया हुआ है। 7 जुलाई को वह अपनी सवा दो साल की बेटी को साढ़े 9 बजे स्कूल छोड़कर आई थी। जब करीब सवा 11 बजे उसे लेने के लिए गई तो स्कूल टीचर कुशविंद्र कौर ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी का सुबह से ही गाल लाल हो रहे हैं। इस पर वह अपनी बेटी को घर लेकर आ गई।
उन्होंने पुलिस को बताया कि जब बेटी से उन्होंने घर पर पूछा तो उसने बताया कि टीचर ने उसकी पिटाई की है। इस पर उन्होंने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पाया कि टीचर ने उसकी पिटाई की है और खुद को बचाने के लिए उसने बच्ची के सुबह से ही गाल लाल होने की कहानी बनाई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह भी सामने आया कि उन्होंने उनकी बेटी को धक्का देने के साथ ही उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।