Sonipat में ''कूड़ा युद्ध'': जेसीबी पर चढ़ी महिला कर्मचारी, पुलिस के बीच से बचाकर निकालनी पड़ी महिला कमिश्नर

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 10:51 AM (IST)

सोनीपत( सन्नी मलिक): सोनीपत नगर निगम कार्यालय के बाहर हालात उस वक्त बिगड़ गए जब पुलिस सुरक्षा के बीच नगर निगम प्रशासन ने सफाई अभियान शुरू करवाने की कोशिश की। सफाई कर्मचारियों ने इसका जोरदार विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की।नगर निगम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।ज्वाइंट नगर निगम कमिश्नर जैसे ही मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचीं, सफाई कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई।

हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस कर्मचारियों को उन्हें बीच से निकालकर सुरक्षित बाहर ले जाना पड़ा। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उनकी लंबित मांगों को सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है और उन्होंने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

वहीं महिला सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जेसीबी मशीन पर चढ़कर सफाई अभियान रुकवा दिया। कर्मचारियों के विरोध के चलते जेसीबी मशीन को बिना काम किए वापस लौटना पड़ा।इतना ही नहीं, जिन गाड़ियों में कूड़ा इकट्ठा करवाया जा रहा था, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उसी कूड़े को वापस सड़कों पर फेंक दिया। इसके चलते नगर निगम कार्यालय के बाहर और आसपास के इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को अनदेखा कर रही है। कर्मचारियों की मांग है कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए और फरीदाबाद आगजनी में जान गंवाने वाले फायर कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देकर उनके आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाए।फिलहाल सफाई कर्मचारियों का आंदोलन जारी है और शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था के चलते स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 मामले में जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए निगम के बाहर पुलिस तैनात की गई है,स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और पुलिस पूरी तरह सतर्क है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static