कुरुक्षेत्र में गैस सिलेंडर ब्लास्ट ; आग में झुलसी महिला की मौत, ससुर PGI रेफर, खाना बनाते समय हुआ हादसा
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 08:08 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव यारा में गैस सिलेंडर में हुए धमाके के बाद लगी आग में झुलसी एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 18 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे हुआ था, जब घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया था। इस हादसे में परिवार के सात लोग झुलस गए थे।
घटना में झुलसी कोमल (24) ने बीती रात करीब 11 बजे अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे कोमल के ससुर रुपेंद्र कुमार (55) की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज आदेश अस्पताल मोहड़ी में चल रहा है।

रसोई में खाना बनाते समय हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार 18 मार्च की सुबह गीता देवी (52) रसोई में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में धमाके के साथ आग लग गई। गैस लीक होने के कारण आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घर में मौजूद अन्य सदस्य भी इसकी चपेट में आ गए। धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के घरों तक कंपन महसूस हुआ।
परिवार के 7 लोग झुलसे
हादसे में गीता देवी (52), उनके पति रुपेंद्र कुमार (55), बेटा कर्ण (26), पुत्रवधू कोमल (24), पोती वैष्णवी (4) और सास चरणों देवी (80) बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी गौरव उर्फ बांका (28) मदद के लिए आग में कूद पड़ा और परिवार के लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हालांकि इस दौरान वह खुद भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सिलेंडर में हुआ धमाका इतना जोरदार था कि रसोई की टाइलें टूटकर नीचे गिर गईं और घर की दीवारों में दरारें आ गईं। घर का दरवाजा भी उखड़कर दूर जा गिरा। आग रसोई से फैलकर पूरे घर में फैल गई थी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)