कुरुक्षेत्र में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो लोगों की मौत...डायल-112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 07:20 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में भट्ट माजरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार चाचा-भतीजा घायल हो गए। हादसे के बाद डायल-112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों की पहचान शाहपुर गांव निवासी शिव कुमार (40) और पप्पल (50) के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से शहर गए थे और देर रात अपने गांव लौट रहे थे। शिव कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला था, जबकि पप्पल मजदूरी का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, शिव कुमार और पप्पल जुरासी लिंक रोड से होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर हरीगढ़-भोरख के पास डेरे में रहने वाला साबु (22) अपने भतीजे के साथ सवार था।

हादसे में चारों लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को उपचार दिया गया।

गंभीर रूप से घायल पप्पल को परिजन पीजीआई चंडीगढ़ ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। साबु का उपचार जारी है, जबकि बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static